
Deoghar News : मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर दुमका मुख्य मार्ग पर हिरणाटांड गांव के समीप शनिवार की रात को ट्रैक्टर व बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

वहीं ट्रैक्टर पर बैठे एक युवक को भी चोट लगी है। घायल युवक दिनेश यादव जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड गांव का रहने वाला है। वहीं मोहनपुर थाना क्षेत्र के दो अन्य युवकों को भी हल्की चोट लगी है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे।

राहगीरों ने घटना की जानकारी मोहनपुर पुलिस को दी । घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि ट्रैक्टर दुमका की ओर से देवघर की ओर आ रही थी वहीं बाइक सवार युवक सामने से आ रहा था। वह अपने घर जा रहा था।
इस दौरान दो गाड़ी में आमने-सामने टक्कर हो गयी। इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठा एक युवक भी झटका लगने के कारण घायल हो गया है। उसे भी इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है।


