
Ranchi: झारखंड राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 7 से 9 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाने के साथ मेघ गर्जन और हल्की वर्षा की संभावना है। वहीं तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

झारखंड में फिलहाल भीषण गर्मी के आसार नहीं हैं, लेकिन दिन में हल्की उमस महसूस हो सकती है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 6 मार्च की दोपहर बाद से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। शाम के समय आंशिक बादल छाने की संभावना है। 7 और 8 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गरजने वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
9 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्के बादल और गर्जन की स्थिति बन सकती है, लेकिन 10 मार्च से फिर से मौसम शुष्क होने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और वर्षा की संभावना नहीं है।
मौसम केंद्र ने फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सामान्य मौसमी गतिविधियों का हिस्सा है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होगी। 8 मार्च तक कई जिलों में पारा 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
देवघर, धनबाद, दुमका और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 33 डिग्री से बढ़कर 35-36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 14-16 डिग्री से बढ़कर 18-20 डिग्री तक जा सकता है। गढ़वा, पलामू और चतरा में भी गर्मी का असर अधिक रहेगा। पलामू में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक जाने का अनुमान है। रांची, बोकारो और हजारीबाग में पारा 31-34 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है। पश्चिमी सिंहभूम में 38 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है।


