
Deoghar: झारखंड में बैलेट पेपर से हो रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ऐसा लगता है कि ईवीएम से वोट होने पर बीजेपी की जीत होती है इसलिए बैलेट पेपर से वोटिंग कराई जा रही है। अब जब बक्सा खुलेगा तब राहुल गांधी को मालूम हो जायेगा कि जीत किसकी हुई है।

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने से पूरा प्रोसेस स्लो चल रहा है। समय काफी लग रहा है। इसलिए भीड़ काफी कम है। लोगों के उत्साह में कमी है। लोग एक-एक घंटा लाइन में खड़े होकर वोट दे रहे हैं। इतनी देर खड़े होकर बुजुर्ग और बीमार कैसे वोट डालेंगे।

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सीएम हेमंत सोरेन के फैसले की तुलना लालू प्रसाद यादव से कर डाली। उन्होंने कहा कि जिस तरह लालू के शासनकाल में लालटेन युग ने बिहार को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया था, उसी तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य निर्वाचन आयोग के माध्यम से बैलेट पेपर से चुनाव कराकर झारखंड को डिजिटल युग में पीछे ले जा रहे हैं।
सांसद निशिकांत ने सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए इस निर्णय को मूर्खतापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड को अँधेरे में धकेला जा रहा है। यही वजह है कि इस राज्य में कोई उद्योगपति नहीं आते, इन्वेस्टर नहीं आते हैं, कोई डेवलपमेन्ट नहीं होता है। इसलिए इस राज्य में केवल नक्सलवाद, आतंकवाद और भय, भ्रष्ट्राचार हावी है।
बता दें कि सांसद निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी अनामिका गौतम ने नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान किया। आम लोगों की तरह कतार में लग कर अपनी बारी का इंतजार करते दोनों नजर आये। सांसद दुबे और उनकी पत्नी ने लोगों से मतदान की अपील की है।


