
Deoghar: देवघर स्थित चरकी पहाड़ी पर्यवेक्षण गृह में एक युवती की मौत का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रिमांड होम परिसर के अंदर घटी। संबंधित कर्मियों द्वारा बताया गया है कि युवती को बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया। जिसे आनन फानन में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। परिजनों ने घटना को लेकर कुछ आशंका जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालाँकि मामले की स्पष्ट जानकारी जाँच रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पायेगी।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
चूंकि, मामला न्यायिक अभिरक्षा से संबंधित है, इसलिए संबंधित विभागीय एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अटकलों से बचने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी को वर्ष 2024 में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में महागामा स्थित अपने मामा के घर से देवघर रिमांड होम भेजा गया था। तब से वह प्रशासनिक निगरानी में रह रही थी।


