
Deoghar: गोड्डा से भाजपा के पूर्व विधायक अमित मंडल आज देवघर पहुंचे। नगर निगम चुनाव (Municipal elections) को लेकर अमित मंडल ने यहां मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने जो बयान दिया उससे निगम की राजनीति गर्मा गयी है। लोग उनपर जनता को दिग्भ्रमित करने का आरोप लगा रहे हैं।

अमित मंडल ने बयान दिया है कि देवघर को गुंडागर्दी और भू माफियाओं से मुक्त करने के लिए भाजपा के समर्थित प्रत्याशी रीता चौरसिया को वोट करें। अब सवाल यह है कि क्या मेयर को यह सब कुछ करने का पावर है या फिर पूर्व विधायक जनता को बरगला रहे हैं। ऐसे में आइये समझते हैं कि क्या महापौर को प्रशासनिक कार्य का अधिकार है। या इनकी बातें सिर्फ जनता को झांसे में लेने के लिए है।

दरअसल, भारत के शहरों में महापौर शहर का सर्वोच्च नागरिक तो है, लेकिन असली प्रशासनिक ताकत नगर आयुक्त के हाथ में रहती है।
महापौर को क्या है अधिकार
महापौर शहर का सर्वोच्च नागरिक होता है और नगर निगम का प्रमुख होता है, जो दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की स्थानीय सरकार है।
उनकी कई भूमिकाएं होती हैं, औपचारिक और कार्यात्मक दोनों। झारखंड नगर पालिका अधिनियम 2011 में प्रदत्त शक्ति एवं कर्तव्य निर्धारित हैं।
इसके तहत महापौर इस अधिनियम से संबंधित कार्य संचालन अथवा इसके द्वारा अधिकृत किसी आदेश को करने के प्रायोजनार्थ इस अधिनियम द्वारा निहित शक्तियों का प्रयोग करेगा।
परंतु महापौर ऐसी किसी शक्ति का प्रयोग नहीं करेगा, जो परिषद द्वारा प्रयोग की जानी निर्देशित हो और परिषद के किसी संकल्प के असंगत कार्य नहीं करेगा।
महापौर को यह भी करना पड़ता है
स्थानीय नगर निकाय का संचालन करता है। कार्यकाल निश्चित होता है, जो विभिन्न शहरों में भिन्न-भिन्न होता है।
इसकी दो महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं- समारोहों के दौरान शहर का प्रतिनिधित्व करना और उसकी गरिमा को बनाए रखना, और कार्यात्मक क्षमता में निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ नगर सदन की चर्चाओं की अध्यक्षता करना।
महापौर : यह शहर का औपचारिक और राजनीतिक मुखिया होता है, जो नगर निगम की बैठकों की अध्यक्षता करता है और जनता द्वारा चुना जाता है, लेकिन प्रशासन सीधे नहीं चलाता।
नगर आयुक्त : यह नगर निगम का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रशासनिक प्रमुख होता है। यह राज्य सरकार द्वारा नियुक्त होता है और नीतियों को लागू करने तथा दिन-प्रतिदिन के प्रशासन के लिए जिम्मेदार होता है।


