
Deoghar: साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ एसपी सौरभ के निर्देश पर जिले की पुलिस के द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर ठगी से जुड़े दो आरोपित को गुरूवार को साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपित को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पुरनी करहैया स्थित जंगल झाड़ से पकड़ा गया है। पकड़ा गया आरोपितों में सुमन कुमार दास साकिन खरबाजोरी थाना सारठ और अजीत दास साकिन रूपाबाद थाना पथरौल के नाम शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 02 मोबाइल फोन व 03 सिम कार्ड बरामद किया है।

पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि वह मुख्य रूप से ठगी करने के लिए गूगल पर कंपनी के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना फर्जी नंबर डाल देते हैं। समस्या होने पर लोग उस नंबर को कंपनी का कस्टमर केयर नंबर समझकर काल करते हैं। उसके बाद लोगों को झांसा में लेकर ठगी का शिकार बना लेते हैं।
छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, एसआइ विरेन्द्र उपरांव , सारठ थाना के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे। पूछताछ करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है।


