Deoghar: शादी समारोह में गोली चलने का मामला सामने आया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के एसबीआइ रोड का बताया जा रहा।

जानकारी के अनुसार, शादी को लेकर आयोजित समारोह (कांसा तेल) में अचानक गोली चलने से नगर थाना क्षेत्र के एसबीआइ रोड निवासी 19 वर्षीय सुमीत ठाकुर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

आनन-फानन में स्वजनों द्वारा युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
बताया जाता है जख्मी युवक के बड़े भाई की शादी है। उसी को लेकर कांसा तेल का आयोजन किया गया था। जिसमें स्वजन सहित बड़ी संख्या में रिश्तेदार शामिल थे। ढोल-नगाड़े व आतिशबाजी हो रही थी। उसी क्रम में युवक अपने कमर से पिस्टल निकाल रहा था। तभी अचानक गोली चल गई। गोली युवक के ही कमर के बायीं ओर लगी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। युवक के पास पिस्टल लाइसेंसी था या गैर-लाइसेंसी। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा पुलिस तमाम बिंदुओं पर जानकारी जुटाने में लगी है।



