
Deoghar: साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ एसपी सौरभ के निर्देश पर जिले की पुलिस के द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर ठगी से जुड़े दो आरोपितों को सोमवार को साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दोनों को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पुरनीकरहैया स्थित जंगल झाड़ से पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के खागा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी परवेज अंसारी और अंसारूल अंसारी के नाम शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 03 मोबाइल फोन व 05 सिम कार्ड बरामद किया है।

पूछताछ के क्रम में दोनों आरोपितों ने बताया कि ये लोग मुख्य रूप से ठगी करने के लिए गूगल पर कंपनी के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना फर्जी नंबर डाल देते हैं। समस्या होने पर लोग उस नंबर को कंपनी का कस्टमर केयर नंबर समझकर काल करते हैं।
उसके बाद लोगों को झांसा में लेकर ठगी का शिकार बना लेते हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक हरदियुस टोप्पो, एसआइ सूरज कुमार, खागा थाना के पुलिस अधिकारी व कर्मी शामिल थे। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।


