
Deoghar: देवघर एम्स में इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें ठहरने की परेशानी से राहत मिलने वाली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से गुजरात की सामाजिक संस्था सेवा दान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा देवघर एम्स परिसर में एक आधुनिक रैन बसेरा का निर्माण कराया जायेगा।

इस रैन बसेरा में 100 बेड की सुविधा होगी, जहां जरूरतमंद परिजन बेहद सस्ती दरों पर सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में ठहर सकेंगे।

प्रस्तावित रैन बसेरा का निर्माण लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में किया जायेगा। इसमें करीब 100 लोगों के एक साथ ठहरने की व्यवस्था होगी। रैन बसेरा को इस तरह डिजाइन किया जायेगा कि यहां रहने वाले परिजनों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और मानवीय वातावरण मिल सके। रैन बसेरा में ठहरने के लिए परिजनों से मात्र 100 रुपये प्रति बेड शुल्क लेने की योजना है। इस शुल्क में बेड के साथ शुद्ध पेयजल, बिजली, पंखा, रोशनी, स्वच्छ शौचालय, स्नानघर,और बैठने की सुविधा शामिल होगी।
पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था की जायेगी, ताकि लंबे समय तक रुकने वाले परिजनों को किसी तरह की असुविधा न हो। रैन बसेरा परिसर में भोजनालय की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जहां सस्ती दरों पर भोजन मिलेगा। इससे परिजनों को महंगे होटल या निजी लॉज में ठहरने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।
सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा देवघर एम्स में इलाज के लिए आने वाले मरीज के परिजनों को रात में रहने में काफी असुविधा हो रही थी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ मिलकर सेवा दान आरोग्य फाउंडेशन देवघर एम्स में 100 बेड का रैन बसेरा बनाने को तैयार है। जल्द ही निर्माण कार्य चालू कराया जायेगा। यह परियोजना पूरी तरह सेवा भावना से प्रेरित है।
गौरतलब है कि एम्स में इलाज के दौरान मरीजों के साथ आये परिजनों को रात में ठहरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।इसे देखते हुए एम्स की फाइनेंस कमेटी की बैठक में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने रैन बसेरा निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सहमति देते हुए सेवा दान आरोग्य फाउंडेशन के साथ एमओयू किया।


