
Hazaribagh: हजारीबाग के बड़ा बाज़ार टीओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में जोरदार विस्फोट हुआ है। जिसमें एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब कुछ लोग बाड़ी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज़ दूर तक सुनाई दी। जिसके बाद आसपास के लोग सहम गए।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमाका पहले से रखे गए विस्फोटक से हुआ या किसी अन्य कारण से। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रशासन द्वारा एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।


