Deoghar News : देवघर जिले के देवीपुर थाना की पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गया आरोपित मो. सोएब कुरैशी उर्फ सोहेल कुरैशी गिरिडीह जिला के नगर थाना क्षेत्र के सबाना रोड सब्जी मंडी इलाके का रहने वाला है।

उसके पास से पुलिस ने तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, मोबाइल फोन व एक बजाज पल्सर बाइक बरामद किया है। एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि देवीपुर पुलिस द्वारा शनिवार की देर रात क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इस दौरान पुलिस ने एक बाइक को देखकर चालक को टार्च की रौशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा। तलाशी लेने के दौरान उसके पास से देसी कट्टा व गोली बरामद किया गया।
वहीं उसके मोबाइल की छानबीन करने पर पता चला कि उसका कई फोटो है जिसमें उसने कई तरह का हथियार ले रखा है। ऐसे में अनुमान है कि उसके पास और भी हथियार है। वहीं छानबीन के क्रम में पता चला कि उसके खिलाफ गिरिडीह जिला के नगर, मुफ्फसिल, जमुआ थाना में लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट, चोरी, दंगा से जुड़े चार मामले दर्ज है।
बताया जाता है कि वह गिरिडीह से देवघर की ओर आ रहा था। वह हथियार लेकर इधर क्यों आया था इसकी पुलिस छानबीन कर रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह हथियार के बल पर लूट या छिनतई की घटना को अंजाम देने की फिराक में था और इसी क्रम में पुलिस ने उसे धर दबोचा।
उसके पास से बरामद हथियार को लेकर देवीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, एएसआइ संतोष कुमार मंडल, आरक्षी विक्रम पासवान, मोहन कुमार शामिल थे।



