
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथ रोड, झौसागढ़ी में हुए फायरिंग को लेकर एफआइआर दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित कारोबारी शशि शेखर उर्फ बबलू खवाड़े के बयान पर दर्ज मामले में अज्ञात को आरोपित बनाया गया है।

दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि छह जनवरी की शाम एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके घर के पास पहुंचे। दोनों ने मुंह को ढंका हुआ था। घर के बाहर पहुंचकर दोनों ने उसका नाम लेकर घर से बाहर निकलने को कहा। जब वह घर से बाहर नहीं निकले तो तीन राउंड फायरिंग किया।

इसके बाद गाली गलौज व जान मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। खोजबीन के क्रम में घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया।
पीड़ित का कहना है कि उनका किसी के साथ किसी बात को लेकर दुश्मनी नहीं है। घटना को लेकर उनका पूरा परिवार दहशत में है।
घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


