
Jamtara: बुधवार की शाम अपराधियों के हौसले जामताड़ा में एक बार फिर खुलेआम बुलंद नजर आए। जब शहर के काफी व्यस्त क्षेत्र कायस्तपाड़ा चौक पर दिनदहाड़े लूट और गोलीकांड की घटना सामने आई।

बालाजी ज्वेलर्स नामक प्रतिष्ठित आभूषण दुकान को हथियारबंद बदमाशों ने अपना निशाना बनाया और लूटपाट के दौरान दुकान संचालक को गोली मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचे। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार निकालकर दुकानदार और कर्मचारियों को डराया। बदमाशों ने काउंटर से सोने-चांदी के जेवरात समेटने शुरू कर दिए। इसी दौरान जब दुकान मालिक अमन वर्मा ने विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही अमन वर्मा दुकान में ही गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, वहीं बदमाश फायरिंग करते हुए लाखों के जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घायल दुकानदार को तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे कायस्तपाड़ा चौक और आसपास के बाजारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों में आक्रोश और भय दोनों देखा जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



