
Deoghar : जसीडीह थाना क्षेत्र के जोरामो गांव निवासी 28 वर्षीय पिंटू यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक पेशे से जेसीबी चालक था और पिछले पांच वर्षों से लहाबान क्षेत्र में जेसीबी वाहन चलाने का कार्य करता था। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 8:30 बजे मृतक के छोटे भाई विष्णु यादव ने परिजनों को सूचना दी कि अंधारी डहर के पास पिंटू यादव सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पिंटू यादव को मृत अवस्था में पाया।

मामले में पुलिस को दिए गए बयान में मृतक की पत्नी अगली कुमारी ने पति की मौत पर गंभीर संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि उनके पति पिछले पांच वर्षों से लहाबान में जेसीबी चालक के रूप में कार्यरत थे।
पत्नी का आरोप है कि गांव के ही रोहित यादव और उसकी पत्नी बसंती देवी ने करीब डेढ़ माह पूर्व उनके पति को धमकी दी थी कि उसे मरवाकर फेंकवा देंगे। अबली कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या कर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया है।
घटना के बाद परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


