Deoghar : देवघर साइबर थाना की पुलिस द्वारा जिले में सक्रिय साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत चार साइबर ठगी के आरोपितों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया गया है।

इनमें से तीन शातिर साइबर ठग है और इनके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। पकड़े गए साइबर ठगी के आरोपितों में जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के टनडेरी मलमला गांव निवासी सरोज कुमार दास, अनुप दास, उज्जवल दास और जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के जोगीडीह गांव निवासी रज्जाक अंसारी शामिल हैं।

इनके पास से चार मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड बरामद किया गया है। तीन सिम कार्ड के खिलाफ प्रतिबिंब एप पर पहले से साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है। इन आरोपितों को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के बंदाजोरी जंगल से पकड़ा गया है।
गिरफ्तार आरोपित सरोज कुमार दास के खिलाफ 2024 में साइबर थाना में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। वहीं अनुप कुमार दास के खिलाफ 2018 में साइबर थाने में मामला दर्ज है। जबकि उज्जवल कुमार दास के खिलाफ इसी वर्ष मार्च माह में साइबर थाने में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये लोग गूगल पर कंपनी के कस्टमर केयर के नंबर की जगह अपना फर्जी नंबर डाल देते हैं। उसके बाद लोग परेशानी होने पर जब उस नंबर पर काल करते हैं तो ये साइबर ठग लोगों से कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं।
उन्हें पहले मदद देने के नाम पर अपने झांसा में ले लेते हैं। उसके बाद लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर कृष्णादत्त झा, एसआइ अमर कुमार राम शामिल थे।
जानकारी हो कि इस वर्ष अब तक जिले में सक्रिय 685 साइबर ठगी के आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है। उनके पास से 842 मोबाइल फोन व 1080 सिम कार्ड बरामद किया गया है।
वहीं इसमें से 253 सिम कार्ड के खिलाफ प्रतिबिंब एप पर पहले से साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है। पूछताछ करने के बाद इन सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।



