
Deoghar : गुगल पर साइबर ठगों द्वारा फर्जी मोबाइल नंबर कस्टमर केयर के नाम से अपलोड कर लोगों को झांसे में ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर ठगी गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने धरदबोचा है। वहीं एक को निरुद्ध किया गया है।

साइबर थाना की पुलिस ने इन सभी सात साइबर ठगों को पाथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सरहैता जंगल के समीप से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार होने वाले साइबर ठगों में पाथरोल थाना क्षेत्र के लखीबाजार निवासी उमेश कुमार दास, पनियारा निवासी विक्रम कुमार दास व गुड्डू दास, जसीडीह थाना क्षेत्र के मथुरापुर निवासी मिथुन दास, संग्रामलोढ़िया निवासी बरुण दास, करमाटांड़ निवासी बबलु कुमार दास व मसनजोरा निवासी विजय कुमार दास शामिल है।
इन सभी के पास से 14 मोबाइल फोन व 15 सिम कार्ड बरामद किया गया है। इस बाबत साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने बताया कि एसपी सौरभ को जंगल में छिपकर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की योजना बनाने के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर एससपी ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिसके आलोक में कार्रवाई करते हुए इन सभी सातों साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार साइबर ठगों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
साइबर ठगों के पास से जब्त मोबाइल फोन को खंगाला जा रहा है। उम्मीद है साइबर अपराध से जुड़ी कई अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगेगी।


