
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना पुलिस ने कारू राउत हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसमें से चार किशोर को निरूद्ध किया गया है।

इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस तथा एक पल्सर बाइक को जब्त किया गया है। मामले में जेल गये आरोपी का नाम प्रशांत कुमार झा करनीबाग, दिव्यांश झा बावनबीघा, शिवम मिश्रा डहुआ और चंदन कुमार शर्मा सखुआ जंगल निवासी के नाम शामिल हैं।

इसे लेकर कुंडा थाना में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया था। मौके पर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, कुंडा थाना के एसआई प्रशांत कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रशांत कुमार के उपर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। उसी का जन्मदिन की पार्टी एक नवंबर को सखुआ जंगल में मनाया जा रहा था। उसी में सभी शामिल हुए थे।
खाने पीने के बाद वहां नशे में दो गुटों के बीच लड़ाई झगड़ा होने लगा। उसी दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गयी। उसी बीच मृतक कारू राउत अपने बेटे को झगड़े से अलग करने गया था।
उसी क्रम में उसे गोली लग गयी और इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी।
देवघर पुलिस ने अभिभावकों से कहा है कि अपने- अपने बच्चों पर नियंत्रण रखें। बच्चे बाहर रहकर क्या- क्या नशा करते हैं इस पर ध्यान देने की जरूरत है।


