Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के संग्रामलोढिया गांव में सोमवार को हुए जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

उसका एक हाथ लगभग कटकर शरीर से अलग हो गया है। घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि उदय शंकर मंडल उर्फ पांचू मंडल मूल रूप से कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढिया गांव का रहने वाला है।

उसका संग्रामलोढिया गांव में ससुराल है। उसे अपने ससुराल में जमीन मिला है। वह पिछले 20-25 वर्ष से अपने ससुराल में ही रहता है। वह दो-तीन दिन से अपनी जमीन पर काम करवा रहा था।
इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने आकर उक्त जमीन पर रास्ता देने की मांग करने लगे। इसके लिए मना करने पर मिथुन मंडल, परशुराम मंडल सहित 15-20 लोग तलवार, भुजाली, लाठी लेकर आए और उन लोगों पर अचानक हमला कर दिया।
इस घटना में उदय शंकर मंडल पर तलवार से वार कर दिया गया। उसका एक हाथ लगभग कटकर शरीर से अलग हो गया।
इस घटना में उदय शंकर मंडल के अलावा कारु मंडल, बुधन मंडल, जमादार मंडल, नंदलाल मंडल, जलधर मंडल भी घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



