
Deoghar Crime News : देवघर जिले के कुंडा थाना की पुलिस ने शुक्रवार को संभावित आपराधिक वारदात को नाकाम करते हुए एक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी एयरपोर्ट के समीप कुसुमडीह के पास से की गई, जहां युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूम रहा था।

पुलिस को देख वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढ़िया गांव निवासी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आशंका है कि युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक अकेले था या उसके साथ अन्य साथी भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तारी के बाद युवक को थाने लाया गया, जहां उससे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसके पास कट्टा कहां से आया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
युवक के आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क को खंगालने के लिए पुलिस उसकी पृष्ठभूमि की गहन जांच में जुट गई है।
इस मामले में थाना प्रभारी ने अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया है, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय सूत्रों का मानना है कि जिस तरह से युवक एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके में हथियार के साथ पकड़ा गया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से वहां आया था।


