
Deoghar/Madhupur News : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना की तीन सदस्यीय पुलिस टीम सब-इंस्पेक्टर कमल विक्रम पाठक के नेतृत्व में साइबर ठगी मामले की जाँच में पाथरोल पहुँचकर दो युवकों हसन राजा और इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया है।

इन पर आरोप है कि दोनों साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर पवई थाना क्षेत्र के एक सरकारी शिक्षक को फोन कर उसकी बैंक की गोपनीय जानकारी हासिल की और फर्जी तरीके से उसके खाते से 14 लाख रुपये निकाल लिए.

जिसके बाद पीड़ित शिक्षक ने पवई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पाथरोल थाना क्षेत्र के तीन युवकों की संलिप्तता का पता लगाया, जिसके बाद पाथरोल पुलिस के सहयोग से कसैया और ऊपर बिलरिया गाँव में छापेमारी कर अमन राजा, हसन राजा और इमरान अंसारी को हिरासत में लिया।
हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने अमन राजा से पूछताछ करके उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया, अमन राजा को छोड़े जाने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। जबकि हसन राजा और इरफान अंसारी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी गई।
गिरफ्तार इरफान अंसारी के घर से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, एटीएम, सिम, मोबाइल, पासबुक और एक बाइक बरामद हुई, वहीं हसन राजा के घर से 5 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, सोना-चांदी और अन्य कागजात जब्त किया गया है।
कागजात पूरे होने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने हसन राजा और इरफान अंसारी को शनिवार को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर पन्ना ले जाने की तैयारी कर ली है।


