
Deoghar: कैश बैक का लालच देकर ठगी करने वाले तीन साइबर ठगी के आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के ओझाडीह गांव निवासी विभिषन राउत, पथरौल थाना क्षेत्र के लेड़वा गांव निवासी दीपक कुमार दास और इसी थाना क्षेत्र के पनियारा गांव निवासी पवन कुमार दास शामिल हैं।

इन तीनों को जिले के सारवां थाना क्षेत्र के बधनी गांव के पास स्थित जंगल से पकड़ा गया है। इनके पास से पांच मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किया गया है। वहीं एक सिम के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर साइबर ठगी का आनलाइन शिकायत पहले से दर्ज है।

पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये मुख्य रूप से लोगों को फोन पे और पे टीम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर कॉल करते थे। उसके बाद लोगों को कैश बैक का लालच देकर अपने झांसा में लेते थे। इनाम लेने के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। इस साथ ही ये लोगों को कृषि विभाग का पदाधिकारी बनकर फोन करते थे। उसके बाद उन्हें पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने, ट्रैक्टर, कृषि का उपकरण देने के नाम पर झांसा में ले लेते थे।
उसके बाद लिंक भेजकर ठगी का शिकार बना लेते थे। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेन्द्र प्रसाद सिन्हा, एसआइ प्रभात कुमार शामिल थे। पूछताछ करने के बाद सोमवार को तीनों साइबर ठगी के आरोपितों को जेल भेज दिया गया।


