
Deoghar: जसीडीह-मधुपुर रेलवे स्टेशन के बीच मथुरापुर हॉल्ट के समीप डोमनाटांड़ गांव के पास रेलवे ट्रैक से पुलिस ने एक अज्ञात 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। मृतक का शरीर अर्धनग्न अवस्था में था।

बताया जा रहा कि रेलवे ट्रैक पर युवक का शव सिर से धड़ कटा हुआ मिला। शव की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पाकर जसीडीह थाना व मधुपुर आरपीएफ के पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात को स्टेशन के अधिकारी द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी कि मथुरापुर हॉल्ट के पास पोल संख्या 306/10-12 के बीच डाउन लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पास से उसकी पहचान के लिए किसी प्रकार के कागजात व समान नहीं मिले हैं। वहीं आसपास के कई गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की।
पुलिस ने आशंका जतायी है कि युवक संभवत: रेलवे ट्रैक पार कर रहा होगा या ट्रेन में सवार होकर यात्रा कर रहा होगा तथा ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


