
Deoghar: देवघर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार को देवघर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक बिहार के बांका जिला के धर्र्मपुर गांव निवासी 40 वर्षीय अशोक पासवान है। घायल का नाम विमल घोष है। घटना के संबंध में मृतक के भाई संतोष पासवान ने बताया कि मंगलवार को उसका भाई बाइक से बहन के घर दुमका जिला के सरैयाहाट थाना इलाके के बरहेट गांव गया था। शाम को वह वहां से वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान भलजोर के पास एक टैंकर चालक तेजगति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार अशोक पासवान सड़क पर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं बाइक के पीछे बैठा विमल घोष भी बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सरैयाहाट प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों द्वारा दोनों को देवघर के एक निजी क्लीनिक में लाया गया, जहां डॉक्टर ने अशोक पासवान को मृत घोषित कर दिया और उसके शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टैंकर को घटना स्थल से जब्त कर लिया गया है। हालांकि टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।


