
Jharkhand Weather: झारखंड में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, रांची स्थित केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। खासकर राज्य के मध्य, दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़ और गिरिडीह सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
रांची समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ वज्रपात और आंधी-तूफान की आशंका है। 27 और 28 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 29 और 30 जुलाई को पूर्वी झारखंड और आसपास के जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान जलभराव, बिजली गिरने, पेड़ गिरने और यातायात में बाधा जैसी घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों पर रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।



