
Deoghar: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार देवघर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में कुल 61 मामलों का निष्पादन सफलतापूर्वक किया गया, वहीं ₹6,04,500 की राशि के समझौते आपसी सहमति से तय किए गए।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव संदीप निशित बारा ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन डालसा के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। मामलों के निष्पादन हेतु न्यायालय परिसर में कई बेंचों का गठन किया गया था, जिनमें न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता तथा डालसा से संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही।

श्री बारा ने बताया कि लोक अदालत में आपसी समझौते के आधार पर मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस पहल से न्यायालय में लंबित मामलों के बोझ को कम करने तथा शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है।


