रांची: झारखंड में रविवार को आसमानी बिजली ने 5 लोगों की जान ले ली। इनमें चार बच्चे शामिल हैं। मृतकों में रामगढ़ के मांडू निवासी दो और लातेहार के मनिका निवासी दो बच्चे और बोकारो के पेटरवार का एक व्यक्ति शामिल है।
मांडू के रामनगर में हुई घटना में मृतकों में विकास भुइंया (10) और कुंदन भुइंया (8) शामिल है। विकास, कुंदन का चाचा था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण दोनों बच्चों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू पहुंचे। वहां डॉक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा रविवार के दिन करीब 11 बजे चली तेज हवा से रामनगर के निकट मलियागढ़ा मोहल्ले के रहने वाले दोनों बच्चे पेड़ के नीचे आम चुन रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने की घटना ने दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया।
वहीं, मनिका थाना क्षेत्र के सधवाड़ी गांव के नवा टोली टोला में आम चुनने गए दो चचेरे भाइयों की मौत वज्रपात गिरने से हो गई। मृतकों में करण सिंह (12) व पंकज सिंह (10) शामिल है। वहीं, रंजन सिंह, सत्यम सिंह व अनीता कुमारी घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायल को मनिका सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
इधर, बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खुर्दचांदो के 47 वर्षीय सिमत रविदास की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसे में उसका भतीजा दिनेश रविदास झुलस गया। रविदास टोला निवासी सिमत व दिनेश खुर्द चांदो में ऊपर बांध किनारे ईंट भट्ठा में काम कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ।