
Deoghar: भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ . निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को दिल्ली से देवघर पहुंचे निशिकांत दुबे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री फिर से जेल जाने की तैयारी करें।

वहीं उन्होंने राहुल गांधी को “महामूर्ख विपक्ष का नेता” कहकर निशाना साधा है। यह बयान झारखंड सरकार द्वारा ‘अटल क्लीनिक’ का नाम बदलकर ‘मदर टेरेसा क्लीनिक’ करने के निर्णय के बाद सामने आया है, जिसे निशिकांत दुबे ने “घटिया राजनीति” करार दिया है।

निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्हें मदर टेरेसा से कोई समस्या नहीं है, लेकिन यह गलत है कि एक भारतीय नेता के योगदान को मिटा दिया जाए। उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा, “मदर टेरेसा विदेशी थीं, लेकिन उनकी आत्मा को भी यह पसंद नहीं आएगा कि अटल बिहारी वाजपेयी का नाम मिटाकर उनका नाम लाया जाए।”
उन्होंने झारखंड सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार को मदर टेरेसा के नाम पर कोई कार्य करना है, तो उसे अलग से करें, न कि किसी के नाम को हटा कर। राज्य सरकार ने बहुत ही घटिया काम किया है।
एमपी निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को ‘महामूर्ख’ करार देते हुए कहा कि उन्हें कुछ भी समझ नहीं है और वे विपक्ष के नाम पर सिर्फ हास्य पैदा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि झारखंड सरकार की कई गतिविधियां संदिग्ध हैं और मुख्यमंत्री खुद कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ जेल जाने की दिशा में बढ़ रहे हैं। बयान में इशारा था कि मौजूदा प्रशासन के कार्यों की कानूनी जांच भी हो सकती है।
(Source:Agency)


