Deoghar Crime News : शहर के नंदन पहाड़ मोहल्ला स्थित सेवा धाम के समीप SBI का पूरा ATM ही चोर उखाड़कर ले गए। मंगलवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे फिल्मी अंदाज में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गैस कटर से एटीएम कक्ष का शटर काटने के बाद चोरों ने अंदर लगी पूरी एटीएम मशीन को बाहर निकाला। इसके बाद मशीन को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए और फिर एक चारपहिया वाहन में लोड कर फरार हो गए।

बताया जाता है कि वारदात को करीब सात लोगों ने अंजाम दिया। सभी ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने के साथ उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
गार्ड की तैनाती नहीं, वारदात के दौरान नहीं बजा हूटर
स्थानीय लोगों के अनुसार रात में एटीएम बंद कर दिया जाता है। इस कारण वहां सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं रहती है। एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरा और हूटर लगा होने की बात कही जा रही है। लेकिन वारदात के दौरान हूटर नहीं बजने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि आखिर वारदात के समय हूटर ने काम क्यों नहीं किया।
ATM में कितनी नकदी थी, फिलहाल जानकारी नहीं
चोर एटीएम मशीन को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए हैं। मशीन में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। नकदी की वास्तविक जानकारी एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी या बैंक अधिकारियों से ही मिल सकेगी। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि मशीन में बड़ी रकम मौजूद हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




