
Deoghar: देवघर से बासुकीनाथ जा रहा कांवरिया से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में पांच कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में राजा कुमार, रोशन कुमार, अंकुश कुमार, अभिषेक कुमार और गोविंदा के नाम शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल कांवरिया बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के छोड़ादानो थाना इलाके के रहने वाले हैं।

घायलों ने बताया कि नौ सदस्य देवघर से पूजा अर्चना कर ऑटो रिजर्व करके बासुकीनाथ दर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान सरैयाहाट से कुछ दूर पहले ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और पलट गई।
सभी घायलों को पहले सरैयाहाट सीएचसी केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी स्थानीय को पुलिस को दे दी गई है।



