
Dhanbad : धनबाद पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें धनबाद के महुदा, बैंक मोड़ और बरवाअड्डा सहित अन्य इलाकों से गिरफ्तार किया है।

पुलिस को इनके पास पांच हथियार, 27 जिदा कारतूस, चार बाइक और छह मोबाइल फोन मिला है। गौरतलब है कि पिछले साल धनबाद में हुए बहुचर्चित शहाबुद्दीन हत्याकांड में शामिल दो अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गये हैं।

एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंस खान गिरोह के कुल 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से दो अपराधी पिछले साल हुए मो. शहाबुद्दीन हत्याकांड में संलिप्त थे।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में ही गिरफ्तार अपराधियों ने गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के बपारे में विस्तृत जानकारी दी है। मसलन, कौन लोग व्यवसायियों को धमकी भरा कॉल करके रंगदारी मांगते थे। कौन लोग रंगदारी का पैसा वसूलने जाते थे और वसूली गई रकम को कहां छिपाया जाता था।
एसएसपी प्रभात कुमार ने यह भी बताया कि अपराधियों ने जानकारी दी है कि कौन से व्यवसायी नियमित रूप से गैंग को पैसा पहुंचाया करते हैं उन्होंने कहा कि अपराधियों से मिली जानकारी की समीक्षा करने के बाद और गहन कार्रवाई की जायेगी
गिरफ्तार अपराधी
धनबाद पुलिस ने बताया कि पकड़े गये नौ अपराधियों में तीन धनबाद के रहने वाले हैं। तीन चाईबासा के हैं जबकि दो अपराधी सरायकेला के निवासी हैं। एक अपराधी जमशेदपुर का भी है।
पकड़े गये सभी अपराधियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है और कई लोग लंबे समय तक जेल में भी रह चुके हैं। एसएसपी ने बताया कि धनबाद में प्रिंस खान के क्राइम नेटवर्क को तोड़ने के लिए एक्शन तेज होगा।


