
Deoghar: जमुई जिले के चकाई थाना इलाके में शनिवार को एक लूट की वारदात घटी। इस घटना में शामिल अपराधी को चकाई पुलिस ने जसीडीह पुलिस के सहयोग से अंधेरीगादर इलाके से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

पीड़ित उरबा गांव निवासी रोहित राय ने बताया कि वह यूको बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस क्रम में चकाई सब्जी मंडी में बाइक की डिक्की में पांच लाख रुपए रखकर सब्जी खरीदने लगे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उनकी बाइक की डिक्की से रुपये निकाल लिए और अपाचे बाइक पर सवार होकर देवघर की ओर भाग गए।

उन्होंने घटना की जानकारी चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार को दी। सूचना मिलते ही चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार अवर निरीक्षक कौशल सिंह एवं झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बिना देर किए लुटेरे का पीछा शुरू किया। करीब 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बिहार-झारखंड की सीमा पर स्थित जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधरीगादर के समीप जसीडीह पुलिस के सहयोग से एक लुटेरे को पकड़ लिया। साथ ही लूट के पांच लाख रूपया भी बरामद करने के साथ लुटेरों की बाइक को भी जब्त कर लिया।
वहीं मौके पर से दूसरा लुटेरा भागने में सफल रहा। गिरफ्तार लुटेरा सिद्धार्थ यादव उर्फ जैना कटिहार जिले के राउतेरा का रहने वाला है। जबकि उसका एक साथी संतोष पासवान भागलपुर सबौर किसी तरह भागने में सफल रहा।
चकाई पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस लुटेरे से पूछताछ करने में जुटी है। गिरफ्तार लुटेरा कटिहार के चर्चित कोढ़ा गैंग का सदस्य बताया जाता है। लुटेरे के पास से जब्त बाइक भी चोरी की निकली। चोरी की बाइक मधेपुरा जिले के मुरलीगंज के विकास कुमार की बताई जाती है।


