
Madhupur (Deoghar): शुक्रवार को सपहा रेलवे यार्ड के पास वाशिंग पिट का उद्घाटन गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने फीता काटकर और नारियल फोड़ कर किया।

मौके पर डॉक्टर निशिकांत दुबे ने कहा कि पिछले चार-पांच साल से मधुपुर स्टेशन के विकास और वाशिंग पिट के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। अच्छे अधिकारी के आने से विकास कार्य को गति मिली। आसनसोल डीआरएम चेतनानंद सिंह का इसमें बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने बताया कि मधुपुर रेलवे वाशिंग पिट निर्माण में 30 करोड रुपए खर्च हुआ है। मधुपुर में इसके अलावा लॉन्ड्री की सुविधा जल्द शुरू होने वाली है। 140 टन क्रेन की सुविधा भी यहां होगी। मधुपुर पहले रेलवे का हब हुआ करता था वो एक सेंटर फिर से हो गया। चेन्नई और पुणे जाने वाली ट्रेनों का मेंटेनेंस शुरू हो गया है। अब कोई ट्रेन खुलने में यहां असुविधा नहीं होगी।
देवघर का वाशिंग पिट भी एक दो महीने में चालू हो जाएगा। मधुपुर में एक और वॉशिंग पिट का निर्माण होगा। मधुपुर और देवघर के वॉशिंग पिट में प्रति सप्ताह 28 ट्रेनों का मेंटेनेंस होगा।
गोड्डा में भी दो वॉशिंग पिट का निर्माण होगा। मुझे नहीं लगता किसी लोकसभा में इतने वॉशिंग पिट का निर्माण किया गया है। अब देवघर,मधुपुर से लम्बी दूरी की ट्रेनें खुलेंगी ।वाशिंग पिट के कारण ही हमेशा हमलोगों को नए लम्बी दूरी के ट्रेन को चलाने में परेशानी होती थी । इसी कारण से मेरे सांसद बनने के पहले पुरी बैद्यनाथ धाम एक्सप्रेस पटना चली गई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विश्वास व विकास का प्रतिफल,ऐसी सुविधा जल्द ही देवघर व गोड्डा स्टेशन पर भी उपलब्ध होगी ।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताता हूं। जिन्होंने विकसित भारत, ग्यारह साल बेमिसाल कार्यक्रम के दौरान वाशिंग पिट समेत कई सुविधाओं को उपलब्ध कराया। मधुपुर में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव और विकास के कई बड़े काम हुए हैं।
मौके पर आसनसोल डीआरएम चेतनानंद सिंह, जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, डॉक्टर अरुण गुटगुटिया, संजय यादव, हेमंत नारायण सिंह, पप्पू यादव, नगर अध्यक्ष रवि रवानी समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।


