
Deoghar Crime News : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर चौक के पास सरेशाम फायरिंग की घटना में पुलिस की जांच जारी है। इस मामले में पुलिस की अब तक की जांच व दर्ज मामले से पता लगता है कि इस घटना को अंजाम दिनेशानंद झा के इशारे पर दिया गया था।

उसके द्वारा अपराधियों को बाहर से बुलाया गया था। इस घटना में स्थानीय के अलावा बिहार के लखीसराय, बेगुसराय, शेखपुरा व समस्तीपुर के अपराधी शामिल थे। इस मामले में पांच आरोपितों को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है। वहीं चार खोखा भी बरामद किया है।

पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन लोगों को दिनेशानंद झा और उसका बेटा कौशल बाबा ने बुलाया था। उनके मुताबिक दिनेशानंद झा अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने का काम करता है और वे लोग उसका इस काम में साथ देते हैं। बदले में उन्हें मोटी रकम दी जाती है।
इसके अलावा बसों से भी रंगदारी व कमीशन वसूला जाता है। हालांकि बस स्टैंड जब से बाघमारा चला गया है तब से दिनेशानंद झा का दबदबा कम हो गया है। वह वहां भी दबदबा कायम करना चाहता है। इस कारण बैजनाथपुर चौक व बाघमारा बस स्टैंड के पास फायरिंग करके दबदबा कायम करने की योजना थी।
दर्ज मामले में कहा गया है कि उन लोगों को यहां बुलाने के बाद एक स्कूल में ठहराया गया था। उनके रहने व खाने पीने का इंतजाम किया गया था। लेकिन बैजनाथपुर चौक के पास फायरिंग करने के बाद भागने के क्रम में पुलिस ने दो आरोपितों को वाहन सहित पकड़ लिया।
वहीं तीन अन्य को बैजनाथपुर चौक के पास पकड़ गया। जबकि तीन अन्य फरार होने में सफल रहे। अब पुलिस मामले के पांच अन्य आरोपितों की तलाश में जुट गई है। पुलिस नयी बिना नंबर की स्कार्पियो गाड़ी के मालिक का भी पता लगाने का प्रयास करने में जुट गयी है।


