
Deoghar: देवघर-दुमका मुख्य मार्ग स्थित डुमरिया मोड़ के समीप बाइक व आटो के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक 22 वर्षीय जितेंद्र शर्मा मोहनपुर थाना क्षेत्र के कोलानीपाथर गांव का रहने वाला था। जबकि 14 वर्षीय सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि जितेंद्र अपने चचेरा भाई सत्यम के साथ एक बाइक में सवार होकर चौपामोड़ रेलवे स्टेशन अपने नाना को रिसीव करने जा रहा था। उसी दौरान डुमरिया मोड़ के समीप विपरीत दिशा से तेजी गति से आ रही आटो व बाइक के बीच आमने सामने भिंड़त हो गई। जिससे बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

आसपास के लोग घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी डायल-100 को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। यहां लाने के बाद दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन गंभीर हालत को देखते बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। रेफर करने के बाद इलाज के लिए बाहर ले जाने के क्रम में जितेंद्र की मौत हो गई।
उधर घटनास्थल से पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। स्वजनों का रो-रोकर हाल बुरा हो गया है। इधर बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।



