
Ranchi: झारखंड के हजारीबाग शहर में मिठाई और मिक्सचर की एक फैक्ट्री (A factory of sweets and mixtures in Hazaribagh city of Jharkhand) में खौलते हुए तेल की कड़ाही (boiling oil pan) में गिरकर तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गये। इन बच्चों से फैक्ट्री में मजदूरी करायी जा रही थी। इन्हें इलाज के लिए रांची रिम्स लाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल बच्चों में 14 वर्षीय पिंटू कुमार, 12 वर्षीय रंजन कुमार और 15 वर्षीय नीतेश कुमार मांझी शामिल हैं। ये तीनो बिहार के रहने वाले बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति इन तीनों को हजारीबाग सदर अस्पताल में छोड़कर भाग गया। इस घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। यहां तक कि फैक्ट्री मालिक के नाम का भी खुलासा नहीं किया गया है।

हालांकि हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने कहा है कि घटना की जानकारी मिली है। इस बात की जांच की जायेगी कि फैक्ट्री में नाबालिगों से कैसे काम कराया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
बताया गया कि इस फैक्ट्री में त्योहार के मद्देनजर लड्डू और मिक्सचर बनाने का काम बड़े पैमाने पर चल रहा था। इसमें बिहार और झारखंड के अलग-अलग इलाकों से लाये गये एक दर्जन से ज्यादा बाल मजदूरों से काम लिया जा रहा था। हादसा बुधवार-गुरुवार की देर रात का बताया जा रहा है। बच्चे खौलते हुए तेल की कड़ाही में कैसे गिरे, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है।



