
Deoghar: देवघर-दुमका रेललाइन महेशमारा रेलवे हॉल्ट स्टेशन का शिलान्यास मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने किया। इस दौरान सांसद डॉ निशिकांत दुबे सहित आसनसोल के डीआरएम चेतनानंद सिंह व समाजसेवी डॉ सुनील खवाड़े ने नारियल फोड़कर आधारशिला रखी।

मौके पर मौजूद सभा को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर बाबा बैद्यनाथ का शहर है, यहां जो भी कुछ होता है बाबा की मर्जी से होता है। यही कारण है कि मुझे किसी भी तरह की कोई परवाह नहीं है। मेरे मन में जो आता है, मैं करता हूं। मेरे मन में जो आता है मैं वह बोलता हूं। भगवान का संयोग देखिए कि हमेशा मेरे जीवन में कुछ ना कुछ अच्छा हुआ है।
2013 से जारी था प्रयास: निशिकांत

उन्होंने कहा कि 2013 से महेशमारा हॉल्ट को लेकर प्रयास कर रहा था। डीआरएम चेतनानंद सिंह के प्रयास से महेशमारा के साथ-साथ त्रिकूट और सर्वाधाम हाल्ट की एक दिन में स्वीकृति मिली। इस बीच कई लोगों को भरोसा नहीं था कि महेशमारा में हॉल्ट बनेगा, सिर्फ एक व्यक्ति का निरंतर विश्वास बना रहा वह सुनील खवाड़े हैं। वह हमेशा लोगों आश्वस्त करते रहे। आज मोदी की गारंटी के कारण यह मांग पूरी हुई।
छह माह में बनकर तैयार होगा हॉल्ट
डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि मोदी जी की गारंटी ने में सबको भरोसा होना चाहिए। सांसद ने कहा कि महेशमारा हॉल्ट छह माह में बनकर तैयार हो जायेगा। महेशमारा हॉल्ट में सुरक्षा मिलेगी, यहां से मंदिर जाने में सुविधा होगी। रेलवे फाटक की समस्या खत्म हो जायेगी। भविष्य में महेशमारा हॉल्ट को स्टेशन के रूप में बदलने के लिए विभागीय पहल की जायेगी।
देवघर व मधुपुर में वाशिंग पिट की शुरुआत
सांसद ने कहा कि वाशिंग पिट चालू होने से गोड्डा व देवघर से लंबी दूरी की ट्रेन शुरू हाेगी।पांच मई को मधुपुर वाशिंग पिट का उद्घाटन होगा व सावन में देवघर वाशिंग पिट चालू हो जायेगा। शनिवार को ही रेल मंत्री से बात हुई है। सालासर, बालाजी मंदिर सहित मुंबई व गोवा की ट्रेन गोड्डा से शुरू होगी। साथ ही सुल्तानगंज रेल लाइन का भी काम शुरू होगा। जल्द ही मधुपुर और जसीडीह का बाइपास बन जाने से कोई समस्या नहीं होगी।
सुनील खवाड़े के कारण अब प्रसिद्ध होगा महेशमारा: निशिकांत
संबोधित करते हुए सांसद डॉ दुबे ने कहा कि मुझे 2009 में चुनाव जीतने की कोई संभावना नहीं लग रही थी। मुझे लगा कि गोड्डा से टिकट लेकर मैंने गलती कर दी, लेकिन उस समय मेरा पहला हाथ सुनील खवाड़े ने थामा और कहा कि तन, मन और धन से आपको समर्थन करेंगे। सुनील खवाड़े ने उन्हें 2009 में ही भरोसा दिया था। उस चुनाव में मेरी आश्चर्यजनक तरीके से जीत हुई। देवघर छोड़कर सभी विधानसभा सीट से हार गये। देवघर विधानसभा से 3300 वोट से जीत हुई। सुनील खवाड़े का सहयोग मिलता रहा और काम आगे बढ़ता गया। सांसद ने कहा कि सुनील खवाड़े के कारण महेशमारा अब प्रसिद्ध हो जायेगा।


