
Deoghar: साइबर ठगी के दस आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि वे लोग मुख्य रूप से सरकारी कर्मी बताकर लोगों को काल करते हैं। उन्हें पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने की बात कहकर अपने झांसा में ले लेते हैं। उसके बाद लिंक भेजकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं।

जेल गये आरोपितों में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के बरदेही गांव निवासी उपेन्द्र कुमार दास, मुन्ना कुमार दास, जामताड़ा जिला के करमाटांड के देवलबाड़ी गांव निवासी मनोरतन मंडल, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के द्वारपहाड़ी गांव निवासी दुर्योधन मंडल, पथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव निवासी उत्तम कुमार दास, इसी थाना क्षेत्र के कझियाटांड गांव निवासी बृजेश रवानी, करौं थाना क्षेत्र के जगाडीह गांव निवासी रमेश कुमार मंडल, चितरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव निवासी सब्दुल रहीम, पालोजोरी थाना क्षेत्र के कुमगढ़ा गांव निवासी सरफराज अंसारी और जुनैद अंसारी शामिल हैं।
इन आरोपितों को जिले के सारवां थाना क्षेत्र के सिरसा जंगल से पकड़ा गया है।इन आरोपितों के पास से दस मोबाइल फोन व दस सिम कार्ड बरामद किया गया है। इसमें से पांच सिम कार्ड के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर ऑन लाइन शिकायत दर्ज है। वहीं अन्य पांच आरोपितों के पास से बरामद सिम कार्ड के खिलाफ जिम्स पोर्टल पर साइबर ठगी का शिकायत दर्ज है।
पूछताछ करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में इंस्पेक्टर हरदियुस टोप्पो और एसआइ प्रफुल्य कुमार मांझी सहित कई जवान शामिल थे।


