
Deoghar: जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के पसिया मोहल्ले में एक घर में हुए चाकूबाजी की घटना में एक युवक व युवती घायल हो गए।

घटना के संबंध में घायल युवती जीया कुमारी ने बताया कि वह मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली है। वहीं बिहार के पटना जिला केअगमकुंआं के युवक से उसने शादी किया था। पति से अनबन होन के बाद वह 2023 से धनबाद के जोड़ा फाटक इलाके में रहकर घरों में साफ सफाई का काम करती थी। इसी बीच उसने आन लाइन नौकरी का प्रचार देखा। इसी क्रम में वह पसिया मोहल्ला निवासी शाहिद हुसैन के संपर्क में आई। उसके कहने पर वह 23 अप्रैल की रात लगभग 9.30 बजे मधुपुर शाहीद के पास आ गई। यहां उसे एक कमरे में रखा। वहां उसे परेशान किया गया। बाद में मारपीट कर उसके पर्स से 20 हजार रुपया छीन लिया। विरोध करने पर उसे चाकू से मारकर घायल कर दिया। उसने किसी तरह से युवक को कमरे से बाहर किया। फिर कमरे को बंद कर शोर मचाया। उसके बाद आसपास के लोग आ गए। उनके कहने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की।

वहीं हादसे में घायल शाहिद का कहना है कि युवती से उसकी बातचीत हुई थी। इसी क्रम में वह जबरन काम दिलाने की बात कह रही थी। वह इस चक्कर में उसके पास आ गई। उससे जबरन तीन हजार की मांग करने लगी। विरोध करने पर उसने चाकू से उसपर हमला कर दिया। इस कारण वह घायल हो गया।
दोनों घायलों को मधुपुर पुलिस द्वारा इलाज के लिए गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।


