
Deoghar: सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की रविवार देर रात मौत हो गई। मृतक 22 वर्षीय रमेश सिंह जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मयूरनाच गांव का रहने वाला था।

इस हादसे में उसका साथी विवेक कुमार भी घायल हो गया। घटना के संबंध में मृतक के पिता नारायण सिंह ने बताया कि रमेश गांव के एक युवक की बारात में अपने दोस्तों के साथ बाइक से गोड्डा जिला के पोडैयाहाट थाना क्षेत्र की ओर जा रहा था। इस दौरान दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। हादसे में दोनों युवक बाइक से गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया।

पीछे से अन्य बाइक व वाहन से आ रहे लोगों ने रमेश को गंभीर हालत में इलाज के लिए सरैयाहाट सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सदर अस्पताल में रात के दो बजे जांच करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता के मुताबिक रमेश उसके दो बेटों में से छोटा बेटा था। वह गाड़ी चलाने का काम करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई है। उसकी मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हंसडीहा थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। धक्का मारने वाली गाड़ी व उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



