
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ढाकोडीह गांव निवासी सात माह के मासूम बच्चे शिवांश कुमार के हत्या के आरोपित दादा बाजो महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बताया जाता है कि पुलिस के साथ ही घर व गांव के लोग भी फरार आरोपित को खोज रहे थे। इसी क्रम में सोमवार की देर रात को ग्रामीणों की नजर बाजो पर पड़ी। ग्रामीणों को देखकर बाजो ने भागने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। इस कारण उसका एक हाथ टूट गया। वहीं शरीर के अन्य अंग में भी गंभीर चोट लगी। ग्रामीण उसे जान से मार देना चाहते थे। लोगों का कहना था इस जैसे दरिंदे को जीने का कोई अधिकार नहीं है। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलने पर कुंडा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। घायल बाजो महतो को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी हो कि इस मामले में मृतक की दादी पंचा देवी को पहले ही गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद जेल भेजा जा चुका है। वहीं घटना के बाद से दादा बाजो महतो फरार चल रहा था। इन दोनों पर अपने सगे पोते की हत्या कर उसे गांव के पास एक गहरे तालाब में फेंक देने का आराेप है। खोजबीन के क्रम में मासूम बच्चे का शव तालाब से बरामद किया गया था। घटना को लेकर मृतक की मां चंचला देवी के बयान पर कुंडा थाना में साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया था। दर्ज मामले में उसने अपनी सास पंचा देवी व ससुर बाजो महतो को नामजद आरोपित बनाया था। पुलिस को बाजो के थोड़ा ठीक होने का इंतजार है ताकि घटना के कारण की सच्चाई के बारे में उससे पूछताछ किया जा सके।
इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, घरवाले, ग्रामीण व आम लोग स्तब्ध रहे गए थे। क्योंकि किसी को ये समझ में नहीं आ रहा था कि कैसे कोई दादा खुद के मासूम पोता की इस तरह से हत्या कर सकता है। मामले में पुलिस छानबीन जारी है।



