
Giridih: गिरिडीह जिले में हृदय विदारक घटना घटी है। जहां एक पिता ने अपने तीन बच्चों की हत्या करने के बाद खुद की भी जान दे दी।

घटना जिले के पीरटांड प्रखंड के खुखरा थाना इलाके के महेशलिट्टी की है।

मृतकों में महेशलिट्टी निवासी 36 वर्षीय सनाउल अंसारी, सनाउल की बेटियां आफरीन परवीन (12 वर्ष), सफाउल (6 वर्ष), जैबा नाज (8 वर्ष) शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक सनाउल राजमिस्त्री का काम करता था और घर में ही दुकान भी चलाता था। शनिवार की रात उसने पहले अपने तीनों बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद कमरे के अंदर ही आत्महत्या कर ली।
चूंकि अभी रमजान का महीना चल रहा है। इस दौरान रोजेदार सुबह में सेहरी के लिए उठते हैं। रविवार की सुबह जब सनाउल अंसारी नहीं उठे तो लोग उन्हें जगाने गए।
इस दौरान लोगों को घटना की जानकारी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजा रखने के कारण रात 10 बजे तक गांव में काफी चहल-पहल थी, उसके कुछ घंटे बाद ही यह घटना घटी।
घटना की सूचना पर डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद मौके पर पहुंचे हैं और छानबीन में जुट गए हैं। एसडीपीओ ने चार की मौत की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि प्रथम जांच में यह बात सामने आयी है कि पिता ने अपने तीन बच्चों का गला घोंटने के बाद अपनी जान दे दी है।
इधर पुलिस अधिकारी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। देखा जा रहा है कि घटना के पीछे क्या कारण है।



