
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के नंदन पहाड़ के पास स्थित एक घर के सामने से बाइक चोरी कर ली गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कुंडा थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार अपने मामा नरेश यादव की बजाज प्लेटिना बाइक लेकर नंदन पहाड़ के पास रहने वाली अपनी बहन के घर गया था।

बताया कि वहां घर के बाहर उसने अपनी बाइक को खड़ा किया। उसके बाद वह अंदर गया। कुछ देर बाद बाहर निकला तो देखा कि बाइक वहां नहीं है। उसके बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। उसमें नजर आया कि दो युवक टोटो से आए। उसके बाद एक कार आकर रुकी। उन युवकों ने कार सवार से कुछ बात की। फिर एक और युवक आया। दो युवक बाइक लेकर भागे। जबकि एक युवक टोटो लेकर भागा। हालांकि कुछ दूर जाने के बाद टोटो पलट गया। उसके बाद चोर टोटो को छोड़कर भाग निकले।

घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। बाद में टोटो के बारे में पता चला। पुलिस ने उक्त टोटो को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज व जब्त किए गए टोटो के आधार पर अब पुलिस बाइक चोर गिरोह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
जानकारी हो कि शहर व ग्रामीणों इलाकों में बाइक चोरों का आतंक काफी बढ़ गया है। लगभग हर दिन बाइक की चोरी हो रही है। लेकिन पुलिस बाइक चोरों का पता नहीं लगा पा रही है।


