
Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले की DC विजया जाधव के आवास में चोरी हो गयी है। चोरी की वारदात को बीते 18 फरवरी को उस वक्त अंजाम दिया गया जब DC विजया जाधव किसी काम से बाहर गयी हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो चोरी मामले का खुलासा हुआ।
हीरे-सोने के जेवरात, नगदी, कपड़े की चोरी

जानकारी के अनुसार उनके आवास से करीब 95 हजार रुपए कैश, लाखों के जेवरात, कीमती कपड़े और मेकअप का सामान गायब हो गया। ज्वेलरी में हीरा जड़ित सोने की अंगुठी, गले का हार और कान का हीरे का सेट शामिल है। DC ऑफिस में तैनात होमगार्ड सोनी कुमारी के आवेदन पर सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
महिला कर्मचारी पर चोरी का आरोप

दर्ज FIR में सोनि कुमारी ने बताया कि DC आवास में उसके अलावा मंजु कुमारी और गोपा कुमारी तैनात हैं। इन तीनों के अलावा साफ-सफाई के लिये संविदा पर दो महिलाओं को रखा गया है। इन पांच महिलाओं को छोड़ अन्य किसी को भी DC विजया जाधव के निजी कमरे में जाने की इजाजत नहीं है। सभी महिला कर्मियों से पूछताछ में पता चला कि 18 फरवरी को DC के बाहर जाने के बाद सफाई करने वाली एक महिला कर्मचारी उनके कमरे में काम कर रही थी। वहीं, तय समय से पहले करीब साढ़े 12 बजे ही बेटी की तबीयत खराब होने की बात कह वह वहां से निकल गयी थी। यह महिला चास थाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी की रहनेवाली है।
आरोपी महिला ने जुर्म कबूला
DC आवास में चोरी की खबर के बाद पुलिस महकमा में हड़कम्प मच गया। सोनी कुमारी के आवेदन के बाद SP मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर SIT गठित की गयी। गठित SIT ने संदेही आरोपी महिला को कस्टडी में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गयी और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
तालाब में फेंक दिए जेवरात
पुलिस को दिये बयान में उसने बताया कि DC के घर से चुराये गये ज्वेलरी को उसने जोधाडीह मोड़ स्थित महतो बांध के तालाब में फेंक दिया है। महिला से मिले इनपुट के बाद गोताखोरों को तालाब में ज्वेलरी खोजने के वास्ते लगा दिया गया, पर अबतक कुछ मिला नहीं।
खबर लिखे जाने तक चोरी किये गये सामान की तलाश पुलिस कर रही थी। वहीं, आरोपी महिला से पूछताछ जारी थी।



