Deoghar: देवघर-दुमका रेल मार्ग पर गांव से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक से सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जाता है कि ट्रेन के आगे आकर कूदकर युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक 23 वर्षीय विजय सिंह सिरसा नूनथर गांव का रहने वाला है।

बताया जाता है कि रात को घर में कुछ विवाद हुआ था। उसके बाद वह घर से निकल गया था। बाद में सुबह ग्रामीणों ने उसके कटे हुए शव को देखा। इसकी सूचना स्वजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंकचर घटना की छानबीन की। मृतक के शव के पास उसका मोबाइल भी बरामद किया गया है। उक्त मोबाइल को जांच के लिए पुलिस ने जब्त किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि किसी बात को लेकर मृतक का घर में विवाद हो गया था। इस कारण वह गुस्से में घर से निकल गया था। उसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया। बाद में उसका शव बरामद किया गया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस सिलसिले में मृतक के स्वजनों से पूछताछ की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बताया जाता है कि मृतक मजदूरी करता था। उसकी शादी होने वाली थी। उसका आज ही तिलक होने वाला था। ऐसे में ये मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।



