
Deoghar: पथ निर्माण विभाग ने देवघर में तीन ठेका कंपनियों को डिबार कर दिया है।

ये तीनों कंपनी स्पाइका भूपेंद्र ज्वाइंट वेंचर कंपनी, अमर इंजीकॉन एंड कन्स्ट्रक्शन प्रा.लि., आइडियल इंफ्रास्ट्रक्चर कंस्ट्रक्शन प्रालि (राजीव कुमार सिंह है)।

पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख ने राज्य के सभी अधीक्षण अभियंता व कार्यपालक अभियंता को इन तीनों कंपनियों को डिबार होने से संबंधित आदेश पत्र भेजा है, साथ ही निर्देश दिया है कि डिबार के अनुसार ये सभी तीन कंपनियां को अब राज्य के किसी भी ठेका में शामिल नहीं करेंगे।
नियमानुसार, अव ये कंपनियां ठेका कार्य में भाग नहीं ले सकती हैं।
अभियंता प्रमुख के अनुसार आइडियल इंफ्रास्ट्रक्चर कंस्ट्रक्शन प्रा.लि को मधुपुर में एप्रोच रोड व पुलों की मरम्मत करने का काम 28 मार्च 2024 को समाप्त करना था, लेकिन कंपनी ने 28 मार्च तक 32 फीसदी काम ही किया। विभाग के बार-बार नोटिस दिये जाने के बाद भी कंपनी ने रूचि नहीं दिखायी व जिस कारण कार्यपालक अभियंता ने डिबार करने की अनुशंसा की।
इधर, अमर इंजीकॉन एंड कन्स्ट्रक्शन प्रा.लि. को रौशन मोड़ से मधुपुर बायपास रोड तक मरम्मत व राइडिंग का काम मिला था। कंपनी को नौ मार्च 2024 को इस काम को पूरा कर लेना था, लेकिन अवधि समाप्त होने के बाद भी अमर इंजीकॉन एंड कन्स्ट्रक्शन प्रालि द्वारा काम चालू नहीं किया। कार्य में लापरवाही व उदासीनता की वजह से अमर इंजीकॉन एंड कन्स्ट्रक्शन प्रालि के डिबार की अनुशंसा कार्यपालक अभियंता ने की।
स्पाइका भूपेंद्र ज्वाइंट वेंचर द्वारा रांगा सिरसा से करामाटांड़ तक कुल 31 किमी सड़क मरम्मत का कार्य किया गया था। रांची से आयी महालेखाकार की ऑडिट टीम ने इस योजना में 99 लाख रुपये का प्राइस एडजेस्टमेंट करने का निर्देश दिया था। ऑडिट टीम की रिपोर्ट के बाद कार्यपालक अभियंता ने स्पाइका भूपेंद्र ज्वाइंट वेंचर को कुल 99 लाख रुपये की वसूली के लिए कई बार पत्र भेजा। कार्यपालक अभियंता ने ड्रॉफ्ट के जरिये स्पाइका भूपेंद्र ज्वाइंट वेंचर को राशि विभाग में जमा करने का निर्देश दिया था, बावजूद ठेकेदार ने राशि जमा करने में रुचि नहीं दिखायी। अभियंता प्रमुख ने कार्यपालक अभियंता की अनुशंसा पर स्पाइका भूपेंद्र ज्वाइंट वेंचर को डिबार करने करने का आदेश दिया।



