Lucknow: विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं पर राजनीतिक दल काम कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश में ‘यूपी नंबर एक, सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान का शुभारंभ 15 दिसम्बर से करने जा रही है।
इसके तहत जन आकांक्षाओं को पार्टी अपने संकल्प पत्र का हिस्सा बनाने के लिए आकांक्षा पेटी भी लॉन्च करेगी। पार्टी इसी आकांक्षा पेटी के माध्यम से प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्र की जनता का सुझाव लेगी। अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष व वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यह पिछले 70 सालों में पहले कभी नहीं किए गए। 2017 के चुनाव में भी भाजपा ने जनता के सुझावों पर ही संकल्प पत्र बनाया था।
संकल्प पत्र के वादों के आधार पर हम चुनाव में गए थे। उनका अनुपालन हमने सुनिश्चित किया। हमने जो कहा उसे पूरा किया है। इसी आधार पर इस बार 2022 के विधानसभा चुनावों में हम जनता के सुझावों को संकल्प पत्र का हिस्सा बनाएंगे।
डबल इंजन की सरकार के जरिये उत्तर प्रदेश को सुशासन और विकास के सभी पैमानों में अव्वल बनाने के लिए किये गए संकल्प को चरितार्थ करेंगे।
उन्होंने बताया कि आकांक्षा पेटी के माध्यम से हम समाज के सभी वर्गों से उनके सुझाव लेने के लिए विधानसभा स्तर तक जाएंगे। साथ ही प्रदेश के सभी प्रमुख महानगरों में संकल्प पत्र समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक व व्यवसायिक वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उनके सुझाव एकत्रित किए जाएंगे।
वेबसाइट, ई-मेल एवं मिस्ड कॉल के माध्यम से भी लोगों का सुझाव लिया जाएगा। इसे संकलित कर पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव का संकल्प पत्र जारी करेगी।