
Deoghar: मंगलवार को मधुपुर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली-गोड्डा एक्सप्रेस ट्रेन (14050 डाउन) की चपेट में आने से 55 वर्षीय रेल कर्मी सुभाष मंडल की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के संबंध बताया जाता है कि ट्रेन जब मधुपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर आई तो सुभाष मंडल स्लीपर कोच एस-4 में वैक्यूम लीकेज की समस्या को ठीक करने के लिए गए थे। इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रेन स्टार्ट कर दी, जिससे हौज लीकेज पाइप ठीक कर रहा मधुपुर के गड़िया चुगलो निवासी सुभाष मंडल ट्रेन के बीच फंस गया। ट्रेन उसे काफी दूर तक घसीट कर ले गई। इस बीच प्लेटफार्म पर शोर मच गया।

आरपीएफ और जीआरपी के जवान ने काफी मशक्कत के बाद रेलकर्मी को खींचकर बाहर निकाला और उसे रेलवे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेलवे अस्पताल मधुपुर में घटना के बाद सैकड़ो की संख्या में रेल कर्मी जमा हो गए। मृतक को दो पुत्र और एक पुत्री है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


