
Deoghar: बाइक की डिक्की खोलकर 40 हजार रुपये निकाल लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर पीड़ित जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी गमहरिया निवासी प्रदीप सिंह ने थाना में शिकायत दर्ज कराया है।

उनका कहना है कि वह अपने पुत्र के साथ रुपयों की निकासी करने भारतीय स्टेट बैंक (साधना भवन ) गए थे। जहां उन्होंने कुल 55 हजार रुपये की निकासी की। बैंक से निकाली गई राशि को बाइक के डिक्की में रख दिया। इसके बाद गिधनी स्थित एक छड़-सीमेंट के दुकान पहुंचे। यहां बाइक को दुकान के बाहर लगा दिया और डिक्की से 15 हजार रुपये निकाल लिया। शेष रकम को वापस डिक्की में रख दिया और दुकान के अंदर चले गए।

कुछ देर बाद बाहर निकले तो डिक्की खुला हुआ था और उसमें रखा रकम गायब था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा को देखने से पता चला कि बाइक पर सवार दो युवक दुकान के पास पहुंचे। उसमें एक युवक उनकी बाइक के पास पहुंचा और डिक्की खोलकर रुपये निकालकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर देवघर की ओर भाग गया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


