
Deoghar: देवघर में जिलास्तरीय युवा महोत्सव आगाज हो चुका है। देवघर उपायुक्त विशाल सागर के निर्देशानुसार शनिवार को उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से इंडोर स्टेडियम के सभागार में जिलास्तरीय युवा महोत्सव, 2024-25 का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास ने कहा कि जिला प्रशासन यह प्रयास रहता है कि प्रतिभावान बच्चों को एक अच्छा मंच मिले चाहे विज्ञान के क्षेत्र में हो, आर्टस के क्षेत्र में हो या फिर खेल के क्षेत्र में हो। साथ ही उन्होंने जानकारी दी गयी कि महोत्सव में 11 विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम आने वाले को सात हजार, द्वितीय स्थान लाने वाले को पांच हजार व तृतीय स्थान लाने वाले को तीन हजार रुपया नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

कुल 11 विभिन्न स्पर्धाओं में केवल प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को प्रमंडल में 16 दिसंबर को होने वाले इवेंट में भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर भी स्क्रीनिंग होगी। चयनित होने वाले प्रतिभागियों को 11 जनवरी को दिल्ली भारत मंडप में होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में शामिल होने का मौका मिलेगा।
वहीं प्रमण्डल स्तर पर 16 दिसम्बर से 20 दिसम्बर तक और राज्य स्तर पर 21 दिसम्बर से 23 दिसम्बर के बीच तिथि निर्धारित है।
इसके अलावे अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा युवा समाज आज तेजी से बदल रहा है। साथ ही दुनिया में अपनी पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है। आज विभिन्न कार्यक्रमों/प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, (सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, एकल लोकनृत्य, एकल लोकगीत, कविता लेखन, कहानी लेखन, चित्रकला, भाषण, विज्ञानी मेला (एकल), विज्ञानी मेला (सामूहिक) एवं फोटोग्राफी) प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।
साथ ही प्रतियोगिता में एक हजार से लेकर सात हजार तक पुरस्कार राशि विजेताओं को दी जायेगी।
इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान उपविकास आयुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी देवघर ने बच्चों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया।


