
Deoghar: शुक्रवार को सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सपरिवार देवघर पहुंचे। सीएम हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ कामनालिंग बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की।

मंदिर में तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूरे वैदिक रीति रिवाज और मंत्रोच्चारण के साथ संकल्प कराया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर के गर्भ गृह पहुंचकर पवित्र द्वादश ज्यातिर्लिंग का जलाभिषेक किया और मत्था टेककर मंगलकामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ से यही कामना है कि समस्त राज्यवासियों को स्वस्थ जीवन, सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।






इसके अलावा इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्र प्रदान किया।
इससे पहले देवघर एयरपोर्ट पर सीएम हेमंत सोरेन का विधायक, सारठ उदय शंकर सिंह, संथाल परगना कमिश्नर लालचंद डाडेल, संथाल परगना आई.जी क्रांति कुमार, डीआईजी संजीव कुमार, उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडूग के द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया।
इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया।






